पंचकूला पुलिस ने हेरोइन समेत 20 वर्षीय युवक को किया गिरफ्तार
पंचकूला, 23 सितंबर (कपिल)- पंचकूला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-03 पंचकूला की टीम ने चंडीमंदिर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को 10 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नवीन (करीब 20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में जिला शिमला (हिमाचल प्रदेश) में किराएदार के रूप में रह रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद हेरोइन के अलावा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
डी.सी.पी. क्राइम एंड ट्रैफिक आई.पी.एस. अमरिंदर सिंह के अनुसार, क्राइम ब्रांच-03 की टीम को 21 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त युवक चंडीमंदिर क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई करने के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर इंचार्ज इंस्पेक्टर अजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव चंडीमंदिर के पास बस क्यू शेल्टर के नजदीक नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद युवक पैदल वहां पहुंचा, जिसे पुलिस टीम ने काबू कर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इस संबंध में थाना चंडीमंदिर में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से नशे की सप्लाई के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

