पंचकूला में खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने डिपो होल्डरों से की अहम बैठक

पंचकूला, 23 सितंबर (कपिल)- हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के राज्य मंत्री राजेश नागर ने बुधवार को पंचकूला जिले के राशन डिपो होल्डरों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने डिपो होल्डरों की समस्याएं सुनीं। डिपो होल्डरों ने समय पर राशन नहीं पहुंचने, वजन में गड़बड़ी सहित अन्य समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
मामले का संज्ञान लेते हुए राज्य मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी ठेकेदार या ट्रांसपोर्टर की लापरवाही सामने आती है तो जांच कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़ने पर उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि हरियाणा में डिपो होल्डरों के माध्यम से लोगों को राशन उपलब्ध करवाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। इसी के तहत जिले के सभी डिपो होल्डरों को बुलाकर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गए हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह की बैठकें पूरे हरियाणा में आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कहीं भी ट्रांसपोर्टर या किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसकी जांच करवाई जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डिपो होल्डरों की ओर से कम राशन भेजे जाने की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि यदि किसी ठेकेदार की कमी के कारण राशन कम मिलता है, समय पर नहीं पहुंचता या राशन में अधिक नमी के कारण उसकी गुणवत्ता खराब होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य मंत्री ने डिपो होल्डरों को निर्देश दिए कि लोगों को राशन लेने में किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें समय पर पूरा राशन उपलब्ध करवाया जाए। खास तौर पर महिलाओं और बुजुर्गों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने डिपो समय पर खोलने और लाभार्थियों को पूरा राशन उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए।
त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरी की शिकायतों के संबंध में उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से हरियाणा को पांच विशेष वैन उपलब्ध करवाई गई हैं, जिनमें लैब की सुविधा भी मौजूद है। इन वैन के माध्यम से मौके पर ही खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच की जा सकती है और दोषी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दीपावली और अन्य त्योहारों के सीजन में मिलावट की शिकायतें बढ़ जाती हैं, इसलिए सरकार की ओर से सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

#पंचकूला में खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने डिपो होल्डरों से की अहम बैठक