पंजाब-चंडीगढ़ में 6 दिन मौसम रहेगा खुश्क

चंडीगढ़, 22 सितंबर- मानसून अब पंजाब से वापस जाना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की वापसी रेखा पटियाला और गुरदासपुर से होकर गुजर रही है। अगले दो से तीन दिनों में पंजाब और चंडीगढ़ से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। आज (22 सितंबर) पूरे पंजाब में मौसम खुश्क रहेगा और बारिश होने की उम्मीद नहीं है।

राज्य में अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है, जो सामान्य के करीब पहुंच गया है। पटियाला में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मानसून 1 जुलाई को पंजाब में आया था। करीब 82 दिनों तक रहने के बाद इसकी वापसी शुरू हो गई है। इस सीजन में पंजाब में सामान्य से 36% कम बारिश हुई है। 1 जून से अब तक 267.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 419.2 मिलीमीटर है।

विभाग के अनुसार इस साल राज्य में 12 सालों में सबसे कम बारिश दर्ज की गई है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं पंजाब में चल रही हैं, जिससे नमी कम हो रही है।

#पंजाब-चंडीगढ़ में 6 दिन मौसम रहेगा खुश्क