फौज का भगोड़ा बनकर लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार
पंचकूला, 16 सितंबर (कपिल)- पंचकूला पुलिस की इकोनॉमिक सेल ने सेना से भगोड़े एक अंतरराज्यीय ठग को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को सेना का कर्मचारी बताकर सैन्य जवानों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करता था। पंचकूला के चंडीमंदिर थाना क्षेत्र में एक सैन्य जवान से 10 लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर ठगी के मामले की जांच इकोनॉमिक सेल को सौंपी गई थी।
इकोनॉमिक सेल के प्रभारी तजिंदर पाल सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान सागर गुलरिया के रूप में हुई है। आरोपी जालंधर कैंट में सेना में क्लर्क के पद पर कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, ट्रेडिंग में पैसा डूबने के बाद उसने अलग-अलग राज्यों में खुद को सेना का कर्मचारी बताकर ठगी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
सैन्य जवानों को ऐसे बनाता था निशाना
पुलिस के मुताबिक आरोपी सैन्य जवानों के सैलरी अकाउंट से लोन के लिए आवेदन करवाता था। इसके बाद सेना के फंड में पैसा जमा करवाने के नाम पर रकम अपने खाते में डलवा लेता था। वह जवानों को 10 लाख रुपये के लोन के बदले 7 लाख रुपये देने और सब्सिडी मिलने का झांसा देता था।
कई राज्यों में ठगी के मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पंचकूला के अलावा अयोध्या, जालंधर, होशियारपुर, भुज, इंदौर, गुरदासपुर, बीकानेर और कांगड़ा में भी लोगों से ठगी की है। उसके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में करीब 12 मामले दर्ज हैं। आरोपी को मिलिट्री पुलिस भी पहले गिरफ्तार कर चुकी है।
पंचकूला पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

