सैनिकों और वीर नारियों के सम्मान के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : राज्यपाल

पंचकूला, 13 सितंबर (कपिल)- हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने वीर सैनिकों की कुर्बानियों को याद रखने तथा उनके परिवारों को उचित सम्मान और सहयोग देने का आह्वान किया। वह पंचकूला में ऑल इंडिया पूर्व सैनिक सेवा परिषद, हरियाणा द्वारा आयोजित वीर नारी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का कल्याण, सम्मान और पुनर्वास हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वीर नारियों को सम्मानित करते हुए उनके त्याग, साहस और राष्ट्र सेवा को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की भलाई के लिए 10 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा भी की।
उन्होंने बताया कि सैनिकों के कल्याण के लिए ‘वन रैंक वन पेंशन’ सहित कई पहल की गई हैं। ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले सैनिकों के परिवारों के लिए एक्स-ग्रेशिया राशि बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये की गई है। प्रो. घोष ने रेजांग ला युद्ध में हरियाणा के सैनिकों की वीरता का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी कुर्बानी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।
उन्होंने बताया कि सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के बजट में इस वर्ष 58.93 प्रतिशत बढ़ोतरी कर 178.14 करोड़ रुपये किया गया है। इस मौके पर राज्यपाल ने ‘पूर्व सैनिक गौरव स्मारिका’ और ‘विकास की बुलंद उड़ान’ पुस्तकों का लोकार्पण भी किया। समारोह में पूर्व सैनिक अधिकारी, परिषद के पदाधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

#सैनिकों और वीर नारियों के सम्मान के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : राज्यपाल