20 साल की सेवा का जश्न, 20 सितंबर को होगा विशेष समारोह

पंचकूला, 13 सितंबर (कपिल)- अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट की स्थापना के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 20 सितंबर 2026 को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, सेक्टर-1, पंचकूला में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया होंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक प्रेम चंद गोयल का सानिध्य भी रहेगा। पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल और डॉ. अमृता दीदी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
ट्रस्ट के महासचिव पार्थ गुप्ता ने बताया कि समारोह के दौरान पिछले 20 वर्षों में ट्रस्ट द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रयासों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। इसके साथ ही ट्रस्ट की 20 वर्षों की जनसेवा यात्रा पर तैयार स्मारिका का राज्यपाल द्वारा लोकार्पण किया जाएगा।
इस अवसर पर पंचकूला, हरियाणा और देश का नाम रोशन करने वाली पांच हस्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए ‘प्रेरणापुंज पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। इनमें रक्षा सेवाओं के लिए जनरल वी.पी. मलिक, समाज सेवा के लिए रमाकांत भारद्वाज, शिक्षा एवं अकादमिक क्षेत्र के लिए आकाश डुल, राष्ट्र निर्माण के लिए एस.पी. सिंगला तथा रक्तदान के क्षेत्र में योगदान के लिए राकेश सेंगर शामिल हैं।
अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट पिछले 20 वर्षों से समाज सेवा, युवाओं के विकास और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। समारोह के माध्यम से ट्रस्ट की सेवा यात्रा को याद करने के साथ-साथ समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य करने वाली हस्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

#20 साल की सेवा का जश्न
# 20 सितंबर को होगा विशेष समारोह