विधानसभा चुनावों से पहले शिरोमणि अकाली दल (ब) ने बनाई 9 सदस्यीय घोषणापत्र समिति
चंडीगढ़, 13 सितंबर - शिरोमणि अकाली दल (ब) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए 9 सदस्यीय चुनाव घोषणापत्र समिति का गठन किया है। वरिष्ठ पार्टी नेता बलविंदर सिंह भुंदर को समिति का चेयरमैन और डॉ. दलजीत सिंह चीमा को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।
समिति में गुलजार सिंह रणीके, हीरा सिंह गाबड़िया, महेशइंदर सिंह ग्रेवाल, बिक्रम सिंह मजीठिया, सिकंदर सिंह मलूका, सोहन सिंह ठंडल और हरचरण सिंह बैंस को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।
पार्टी के मुताबिक घोषणापत्र समिति पंजाब के विभिन्न हिस्सों का दौरा करेगी और किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों समेत समाज के विभिन्न वर्गों से सीधे बातचीत करेगी।
इस दौरान लोगों की उम्मीदों, समस्याओं, चिंताओं और प्राथमिकताओं को लेकर सुझाव एकत्र किए जाएंगे। पार्टी का कहना है कि लोगों से मिलने वाले ये सुझाव 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए शिरोमणि अकाली दल (ब) के चुनाव घोषणापत्र को तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

