चंडीगढ़ में नशा विरोधी मुहिम तेज, 150 से ज्यादा लोग गिरफ्तार
चंडीगढ़, 15 सितंबर - चंडीगढ़ में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। SSP कंवरदीप कौर ने बताया कि 11 सितंबर से शुरू हुई नशा विरोधी मुहिम में चंडीगढ़ पुलिस के सभी थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
SSP कंवरदीप कौर ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं और ड्रग्स बेचने तथा नशे का सेवन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य चंडीगढ़ को नशा मुक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों के दौरान करीब 150 से अधिक लोगों को या तो गिरफ्तार किया गया है या हिरासत में लिया गया है।
पुलिस की ओर से नशे के कारोबार और इसके सेवन पर रोक लगाने के लिए अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

