मनीला में गूंजी भारत की धमक: फिलीपींस ने माना, ब्रह्मोस ही है हमारी रक्षा दोस्ती की असली रीढ़  

मनीला, 15 सितंबर - भारत और फिलीपींस के बीच लगातार मजबूत हो रहे रणनीतिक और रक्षा संबंधों को लेकर फिलीपींस की विदेश मामलों की सचिव मा टेरेसा पी. लाज़ारो ने एक अहम बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि भारत निर्मित ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल  दोनों देशों के सुरक्षा और रक्षा समझौतों का एक बेहद महत्वपूर्ण आधार है।  

मनीला में द्विपक्षीय और रक्षा सहयोग पर चर्चा के दौरान उन्होंने भारत के साथ साझेदारी की सराहना की। फिलीपींस अपनी नौसेना और तटीय सुरक्षा को आधुनिक बनाने के लिए भारत से ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम खरीद चुका है। लाज़ारो के अनुसार यह डील सिर्फ हथियारों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है बल्कि इंडो-पैसिफिक (हिंद-प्रशांत) क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए दोनों देशों के साझा संकल्प को दर्शाती है।  

बता दें कि दक्षिण चीन सागर में बढ़ते तनाव के बीच फिलीपींस अपनी संप्रभुता और समुद्री सीमाओं की सुरक्षा को लेकर काफी गंभीर है। भारत की 'ऑक्ट ईस्ट पॉलिसी' (Act East Policy) के तहत फिलीपींस भारत का एक प्रमुख साझेदार बनकर उभरा है। ब्रह्मोस मिसाइल की आपूर्ति से फिलीपींस की तटीय रक्षा क्षमता में जबरदस्त इजाफा हुआ है जिसे दोनों देशों के रक्षा इतिहास में एक मील का पत्थर माना जाता है। 

विदेश सचिव लाज़ारो ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत और फिलीपींस के बीच केवल रक्षा तकनीक ही नहीं बल्कि समुद्री सुरक्षा, इंटेलिजेंस शेयरिंग और मिलिट्री ट्रेनिंग के क्षेत्रों में भी सहयोग और गहरा होगा।  

#India Philippines Defense Ties
# BrahMos Missile Deal
# Ma Theresa P Lazaro DFA
# Manila Defence Partnership