पटना साहिब पहुंचे दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधु, हुए नतमस्तक

पटना, 27 सितंबर - दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधु ने रविवार को बिहार की राजधानी पटना स्थित सिखों के पवित्र धार्मिक स्थल तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचकर गुरु महाराज के समक्ष माथा टेका। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए अरदास की, गुरुबाणी कीर्तन का श्रवण किया तथा तख्त साहिब में चल रही विभिन्न धार्मिक व सामाजिक सेवाओं के बारे में जानकारी ली।
उपराज्यपाल ने दशमेश पिता गुरु गोबिंद सिंह जी और माता साहिब कौर जी के पवित्र 'जोड़ा साहिब' एवं ऐतिहासिक शस्त्रों के भी दर्शन किए।

तख्त साहिब कमेटी द्वारा भव्य स्वागत और सम्मान

उपराज्यपाल के आगमन पर तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी बलदेव सिंह ने उन्हें गुरुघर का आशीर्वाद स्वरूप 'सिरोपा' भेंट किया। वहीं, तख्त साहिब प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंद्रजीत सिंह और उपाध्यक्ष गुरुविंदर सिंह ने उन्हें पवित्र कृपाण एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया। इसके बाद उपराज्यपाल को ऐतिहासिक गुरुद्वारा गायघाट के दर्शन भी करवाए गए। यात्रा के दौरान उपराज्यपाल संधु ने तख्त साहिब के लंगर हॉल में जाकर श्रद्धालुओं के बीच निस्वार्थ भाव से सेवा भी की।

तख्त साहिब प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "सरदार तरनजीत सिंह संधु पंथ के महान नायक सरदार तेजा सिंह समुंद्री के परिवार से आते हैं। सिख कौम के लिए उनके परिवार द्वारा दी गई सेवाओं और योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। यही कारण है कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने अपने मुख्य कार्यालय परिसर की इमारत का नाम उनके सम्मान में रखा है।" इस विशेष अवसर पर तख्त साहिब के सुपरिटेंडेंट दलजीत सिंह, मैनेजर पपिंदर सिंह, हरजीत सिंह, दलीप सिंह पटेल और लंगर इंचार्ज तेजिंदर सिंह बंटी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

#Delhi LG
# Taranjit Singh Sandhu
# Patna Sahib