जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से बदसलूकी का मामला NCW तक पहुंचा
जमुई, 21 सितंबर - बिहार के जमुई में 19 सितंबर की शाम कोचिंग से लौट रहे नाबालिग छात्र-छात्रा को रास्ते में रोककर मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला अब पुलिस जांच से आगे बढ़कर राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंच गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।
इसके साथ ही नाबालिग का आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने पर 32 सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड किए गए हैं। इन सभी पर भी पॉक्सो में कार्रवाई करने की बात कही गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र से सटे सोनाई मड़वा इलाके के पास 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की है। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र-छात्रा कोचिंग के बाद स्कूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी स्कूटी रोक ली। दोनों को घेरकर पूछताछ की गई और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट तथा अभद्र व्यवहार किया गया। वायरल वीडियो में छात्रा को जाने देने की अपील करते और कुछ लोगों को उसके साथ कथित तौर पर बदसलूकी करते देखा जा सकता है।

