बिहार: मुंगेर में चेतावनी स्तर से 25 सेंटीमीटर ऊपर गंगा, नए इलाकों में फैला बाढ़ का पानी
मुंगेर, 31 अगस्त - गंगा नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बीच जिले के दियारा और निचले इलाकों में बाढ़ का पानी लगातार नए क्षेत्रों में फैल रहा है। जलस्तर में गिरावट के बावजूद कई गांवों में पानी पहुंचने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। संपर्क मार्गों के जलमग्न होने से आवागमन प्रभावित है। कई स्थानों पर ग्रामीणों को नाव के सहारे आवाजाही करनी पड़ रही है। वहीं, सदर प्रखंड की कुतलुपुर पंचायत में गंगा का कटाव जारी रहने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
कुतलुपुर पंचायत के वार्ड संख्या तीन स्थित हरि बाबू टोला में गंगा के कटाव को देखते हुए जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर के निर्देश पर संवेदनशील स्थलों पर कटावरोधी कार्य शुरू कराया गया है। प्रशासनिक टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।

