बिहार: भोटेकोशी की बाढ़ में तबाही, रसुवागढ़ी सीमा शुल्क कार्यालय के 14 कर्मचारी लापता

अररिया, 26 अगस्त - नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार सुबह भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ की चपेट में आने से रसुवागढ़ी सीमा शुल्क कार्यालय के 14 कर्मचारी लापता हो गए हैं। घटना के बाद नेपाल सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ हेलीकॉप्टरों की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी है।

गृह मंत्रालय के अनुसार, रसुवागढ़ी सीमा शुल्क कार्यालय में कुल 36 स्थायी कर्मचारी कार्यरत थे। इनमें कार्यालय के प्रशासक प्रमुख राजेंद्र ढुंगाना समेत 25 कर्मचारी सुरक्षित हैं, जबकि 11 स्थायी कर्मचारियों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। इसके अलावा, कार्यालय में कार्यरत चार संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों में से एक सुरक्षित है, जबकि तीन अन्य लापता बताए जा रहे हैं। इस तरह कुल 14 कर्मचारियों की तलाश की जा रही है।
सीमा शुल्क कार्यालय ने बताया कि बाढ़ के बाद सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। नेपाल सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करते हुए 12 हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। इनमें नेपाली सेना के चार और निजी क्षेत्र के आठ हेलीकॉप्टर शामिल हैं। ये लगातार प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं।
 

#बिहार