बरवाला में अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से सड़कें और प्लॉटों की डिमार्केशन ध्वस्त
पंचकूला, 26 अगस्त (कपिल) -जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) बबीता गुप्ता की अगुवाई में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। जिला नगर योजनाकार की टीम ने तहसील बरवाला के गांव बरवाला और बतौड़ में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करते हुए करीब 4.5 एकड़ क्षेत्र में बनाए गए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से कॉलोनियों में बनाए गए कच्चे सड़क नेटवर्क और प्लॉटों की डिमार्केशन को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई डीटीपी बबीता गुप्ता, ड्यूटी मजिस्ट्रेट डिंपी राठी, सहायक नगर योजनाकार अशोक कुमार तथा भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
बिना अनुमति कॉलोनी काटने पर होगी कार्रवाई
डीटीपी बबीता गुप्ता ने बताया कि किसी भी प्रकार का निर्माण करने अथवा कॉलोनी विकसित करने से पहले निदेशक, नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग, हरियाणा से आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति अवैध निर्माण या अनधिकृत कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। डीटीपी ने आम जनता से अपील की कि विभाग से सीएलयू/लाइसेंस की अनुमति लिए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण न करें और न ही अनधिकृत कॉलोनी में प्लॉट खरीदें।





