पिंजौर में बुटीक संचालक महिला की हत्या, वारदात से इलाके में मचा हड़कंप

पंचकूला, (कपिल), 26 अगस्त - पिंजौर के रौनक होटल के सामने वाली गली में स्थित एक बुटीक में महिला की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान राजिंदर कौर के रूप में हुई है, जो रतपुर कॉलोनी में किराये के मकान में रहती थी और अपना बुटीक चलाती थी।
जानकारी के अनुसार, महिला को घायल अवस्था में देखकर राजू नामक व्यक्ति ने एक बाइक सवार की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। राजू ने बताया कि कुछ महिलाओं ने उसे गली में एक घायल महिला के पड़े होने की सूचना दी थी। अस्पताल के डॉक्टर राजीव भारद्वाज ने बताया कि महिला को गंभीर घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उसका गला पूरी तरह कटा हुआ था और वह बेहोश थी। डॉक्टरों ने उपचार का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को कालका अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पिंजौर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति बुटीक के अंदर जाता और कुछ समय बाद बाहर निकलकर शटर बंद करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद घायल राजिंदर कौर खुद शटर खोलने का प्रयास करती नजर आती है। फुटेज में वह घायल अवस्था में तड़पती हुई भी दिखाई दे रही है।
पुलिस को महिला के पास से एक डायरी भी मिली है, जिसमें कथित तौर पर उसने अपने पति को हमले के लिए जिम्मेदार बताते हुए मदद की गुहार लिखी है। डायरी में सास, दो ननदों प्रीति और नीतू तथा देवर का भी जिक्र होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति के साथ विवाद चल रहा था।
पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

#पिंजौर