सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच पुलिस बल के साथ कूड़े के ढेर उठवाए, दर्जनभर कर्मचारी हिरासत में
डबवाली (सिरसा), 23 अगस्त (इकबाल सिंह शांत) - नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते प्रशासन ने बड़ी पुलिस फोर्स के साथ आज तड़के शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के बड़े ढेर उठवा दिए। इस दौरान विरोध करने पहुंचे दर्जनभर सफाई कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सफाई कर्मचारी 6 अगस्त से अपनी मांगों को लेकर राज्य स्तरीय हड़ताल पर हैं।
प्रशासन ने शहर में करीब छह स्थानों से कूड़े के बड़े ढेर उठवाए। इनमें मुख्य बाजार में रामलीला मैदान के पास अरोड़वंश रोड, पुरानी सब्जी मंडी, चौटाला रोड, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट पार्क, बठिंडा चौक और वाल्मीकि चौक के कूड़े के ढेर शामिल हैं। पूरी कार्रवाई डी.एस.पी. योगेश बत्तरा, नगर परिषद के सुरेंद्र कुमार और जे.ई. सुशील कुमार की अगुवाई में अंजाम दी गई।
प्रशासन की अचानक कार्रवाई की सूचना मिलने पर करीब 5:15 बजे सफाई कर्मचारी संघ के जिला सचिव सूरज कुमार के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी मुख्य बाजार में पहुंचे और कूड़ा उठवाने का विरोध किया। पुलिस ने करीब दर्जनभर कर्मचारियों को दो बसों में बैठाकर सिटी थाने ले गई। इसके बाद करीब 7 बजे अन्य सफाई कर्मचारी थाने के सामने पहुंचे और नारेबाजी करते हुए हिरासत में लिए गए साथियों को रिहा करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को सिरसा में कूड़ा उठवाने का विरोध कर रहे पुरुष और महिला सफाई कर्मचारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में डबवाली के सफाई कर्मचारियों ने स्वास्थ्य व जन-सुविधा के मद्देनजर समेटे गए कूड़े के ढेरों में से रामलीला मैदान के पास लगा ढेर दोबारा सड़क पर बिखेर दिया था। उन्होंने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की थी।
आज तड़के पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद फोन पर नगर परिषद सफाई कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव सूरज कुमार ने कहा कि राज्य सरकार उनकी मांगें मानने की बजाय जबरन कूड़ा उठवाने के रास्ते पर है। उन्होंने कहा कि सफाई के लिए सेवाएं देने वाले सफाई कर्मचारियों के अधिकारों से सीधे खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जबरन कूड़े के ढेर उठवाकर और उन्हें थानों में ले जाकर बैठाने की कार्रवाई से उनके संघर्ष को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि मांगें नहीं माने जाने तक संघर्ष लगातार तेज होता जाएगा।



