आबादी के अनुपात में मिलनी चाहिए हर वर्ग को हिस्सेदारी - राजकुमार सैनी
रादौर, 23 अगस्त (कुलदीप सैनी)- लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के सुप्रीमो एवं पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने सत्ता पक्ष और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 85 प्रतिशत आबादी वाले शोषित व पिछड़े वर्गों को आरक्षण से ज्यादा आबादी के अनुपात में उनकी वास्तविक हिस्सेदारी की जरूरत है। 2 सितंबर को रादौर में पार्टी के स्थापना दिवस पर होने वाली जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सैनी ने जातिगत जनगणना की वकालत की। उन्होंने कहा कि विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और शासन-प्रशासन में सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में भागीदारी मिलनी चाहिए।
सैनी ने दावा किया कि 6,877 IAS पदों में शोषित वर्ग की हिस्सेदारी 7 प्रतिशत और 5,099 IPS पदों में करीब 8 प्रतिशत है। उन्होंने कांग्रेस और आरएसएस पर भी निशाना साधा और कहा कि पिछड़े वर्गों को उनका हक नहीं मिला। राहुल गांधी के जातिगत जनगणना के वादे पर सैनी ने कहा कि यदि कांग्रेस गंभीर है तो कांग्रेस शासित राज्यों में इसे लागू करके दिखाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी सामाजिक भेदभाव खत्म करने और संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

