कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेता 24 खिलाड़ी सम्मानित
पंचकूला, 26 अगस्त (कपिल) - हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को पंचकूला में कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के पदक विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में 24 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को कुल 13 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की कुल आबादी में हरियाणा की हिस्सेदारी केवल 2 प्रतिशत है, लेकिन कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 122 खिलाड़ियों में से 24 हरियाणा के थे। इनमें से लगभग हर दूसरा खिलाड़ी पदक लेकर लौटा। हरियाणा के खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक—7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीते। इसके साथ ही देश के कुल पदकों में हरियाणा का योगदान 28 प्रतिशत से अधिक रहा।
सैनी ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी की खासियत है कि यहां खेतों में केवल अनाज ही नहीं, बल्कि चैंपियन भी पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की सफलता केवल पोडियम पर दिखाई देने वाले पदक की कहानी नहीं होती, बल्कि यह वर्षों की मेहनत, अनुशासन, संघर्ष तथा माता-पिता और प्रशिक्षकों के सहयोग का परिणाम होती है।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा की बेटियों के शानदार प्रदर्शन की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश द्वारा जीते गए 11 पदकों में से 6 पदक बेटियों ने जीते हैं, जिनमें 5 स्वर्ण पदक शामिल हैं। मुक्केबाजी में भारत द्वारा जीते गए 7 स्वर्ण पदकों में से 6 हरियाणा के खिलाड़ियों के खाते में आए।
प्रीति पवार, जैस्मिन लंबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घनघस, सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। पैरा-एथलेटिक्स में शर्मिला ने स्वर्ण पदक जीता। नीरज चोपड़ा और मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल ने रजत पदक हासिल किए, जबकि सीमा कालीरमण ने कांस्य पदक जीता।
समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी खेल यात्रा, संघर्ष और सफलता के बारे में जानकारी ली। खिलाड़ियों ने भी सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।





