लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान तनाव, पुलिस की गाड़ियों को लगाई आग

फगवाड़ा, 27 सितंबर- लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के बाहर रविवार शाम छात्रों के प्रदर्शन के दौरान उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस कर्मचारियों पर पथराव किए जाने की सूचना है, जबकि पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया।

मौके से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों द्वारा एस.एस.पी. गौरव तूरा की सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा तीन अन्य पुलिस वाहनों को आग लगाए जाने की भी सूचना सामने आई है। घटना के दौरान कुछ पुलिस कर्मचारियों के घायल होने की भी जानकारी है। घटना के बाद यूनिवर्सिटी के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस द्वारा हालात को काबू में करने और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है।

यह घटना यूनिवर्सिटी कैंपस में एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म के दावों के बाद पैदा हुए तनाव के बीच हुई है। दावों के मुताबिक, घटना में एक बाहरी व्यक्ति के शामिल होने की बात कही जा रही है। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

इससे पहले रविवार को छात्रों ने कैंपस में प्रदर्शन करते हुए हंगामा और तोड़फोड़ की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा नेशनल हाईवे भी जाम किया गया, जिसके कारण यातायात प्रभावित हुआ।

#लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी