लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में माहौल तनावपूर्ण, पुलिस और छात्रों के बीच झड़प

फगवाड़ा, 27 सितंबर - लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। जैसे ही पुलिस ने लाठीचार्ज किया, स्टूडेंट्स ने वीडियो टीम और पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की। कई मीडियाकर्मियों के सिर पर बोतलें फेंकी गईं, कई पुलिसवालों की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया और कुछ कारों में आग लगाने की भी खबर है।

कहा जा रहा है कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के खिलाफ स्टूडेंट्स का गुस्सा बढ़ता जा रहा है, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी का कोई भी अधिकारी स्टूडेंट्स से मिलने या उन्हें समझाने नहीं आया है। पंजाब के फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार शाम को पुलिस और स्टूडेंट्स के बीच झड़प हो गई। पुलिस स्टूडेंट्स से बात कर रही थी। इस दौरान पुलिस पर बोतलें फेंकी गईं। इस पर पुलिस ने स्टूडेंट्स पर लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद स्टूडेंट्स ने पुलिस पर पत्थर फेंके।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने अब नेशनल हाईवे जाम कर दिया है, जिसके बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के बाहर विरोध कर रहे छात्रों की पुलिस से झड़प हुई है। उन्होंने पुलिस की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया है। इस मामले में जालंधर के SSP हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि पुलिसकर्मियों को चोट आई हैं और पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।  
हाईवे पर पुलिस ने छात्र प्रतिनिधियों और LPU प्रबंधन से बातचीत की लेकिन, यह बातचीत बेनतीजा निकली। छात्रों का प्रदर्शन जारी है। FIR की कॉपी और SIT की जानकारी छात्र प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई है। जानकारी के मुताबिक, अब छात्र अपने ही प्रतिनिधियों की बात सुनने से इनकार कर रहे हैं।  
एक प्रदर्शनकारी छात्र का कहना है कि कल रात कुछ बाहरी लोगों ने आकर यूनिवर्सिटी की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। प्रदर्शनकारी छात्र के मुताबिक, जब तक सिर्फ यूनिवर्सिटी के छात्र प्रदर्शन कर रहे थे तब तक हालात नियंत्रण में थे। बाद में कुछ बाहरी लोग आए और उन्होंने तोड़-फोड़ की। उनका कहना है कि इन चीज़ों के लिए बाहरी लोग ही जिम्मेदार हैं। उनके मुताबिक, यूनिवर्सिटी के छात्र मामले में सिर्फ जवाबदेही और साफ-सुथरी बातचीत चाहते हैं।  

#लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी