अरुणाचल प्रदेश: भारत-म्यांमार सीमा के पास असम राइफल्स की टीम पर उग्रवादियों का हमला
ईटानगर, 29 सितंबर - अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह असम राइफल्स की गश्ती टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। हमले में एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी और अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे नामपोंग नाला के पास हुई। यहां 21 असम राइफल्स के जवान उस इलाके में गश्त कर रहे थे, जहां भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है।
इसी दौरान संदिग्ध उग्रवादियों ने गश्ती दल पर अचानक गोलीबारी कर दी। हमले में 42 वर्षीय हवलदार जांखोकाई कूकी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। चार अन्य जवान भी घायल हुए हैं। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। उनकी स्थिति के बारे में अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिली है।

