BJP बूथ अध्यक्ष चंदन भल्ला की गोली मारकर हत्या, इलाके में भारी तनाव

पश्चिम बंगाल, 28 सितंबर - पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोलपुर से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष चंदन भल्ला (42 वर्ष) की अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने सिर में पॉइंट-ब्लैंक रेंज (सटकर) से गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक चंदन भल्ला बोलपुर के वार्ड नंबर 11, बूथ नंबर 201 के बीजेपी बूथ अध्यक्ष थे। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

परिजनों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार शाम लगभग 7:30 बजे चंदन भल्ला को किसी का फोन आया जिसके बाद वे घर से बाहर निकले थे। आरोप है कि वार्ड नंबर 12 के त्रिशूलापट्टी इलाके में पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। हमलावरों ने बिना कोई मौका दिए उनके सिर में बेहद करीब से गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

गोली की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोग जब मौके पर पहुंचे तो चंदन सड़क पर खून से लथपथ पड़े थे। उन्हें तुरंत बोलपुर सब-डिविजनल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे शुभ्रकांति भल्ला का कहना है कि उनके पिता की किसी से कोई व्यक्तिगत या पारिवारिक दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि राजनीतिक रंजिश (Political Rivalry) के चलते ही उनके पिता की हत्या की गई है।

#West Bengal
# BJP Leader
# Murder
# Birbhum