गांधी-शास्त्री जयंती पर अग्रवाल वैश्य समाज की महिलाओं ने चलाया स्वच्छता अभियान
पंचकूला, 2 अक्टूबर (सुरेंद्र गोयल) - राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर अग्रवाल वैश्य समाज (रजि.) पंचकूला की महिला इकाई द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान समाज की महिला सदस्यों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने और शहर को स्वच्छ बनाने में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
जिला अध्यक्ष अग्रवाल वैश्य समाज (रजि.) पंचकूला प्रो. डॉ. साधना अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना था। हमें उनके विचारों को केवल याद ही नहीं करना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन में भी अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम अपने घरों को तो साफ रखते हैं, लेकिन अक्सर पार्कों, बाजारों और सड़कों पर कूड़ा पड़ा दिखाई देता है। इसके लिए केवल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है, बल्कि शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह न तो स्वयं सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकेगा और न ही दूसरों को ऐसा करने देगा। यदि हर नागरिक अपने स्तर पर जिम्मेदारी निभाए तो पंचकूला को और अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर बनाया जा सकता है।
प्रो. डॉ. साधना अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ वातावरण में मन प्रसन्न रहता है और शरीर भी स्वस्थ रहता है। स्वच्छता अपनाकर हम अनेक बीमारियों से स्वयं को और अपने परिवार को बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत और विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर महासचिव अंजना अग्रवाल एवं नीरू गोयल ने समाज की महिला सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे शहर में कहीं भी गंदगी एकत्रित नहीं होने देंगे, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में सहयोग करेंगे तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही सभी ने विकसित भारत के निर्माण में बढ़-चढ़कर योगदान देने का संकल्प लिया।
स्वच्छता अभियान में डॉ. मुकेश अग्रवाल, डॉ. के.सी. बंसल एवं प्रवीण गोयल का विशेष सहयोग रहा। अग्रवाल वैश्य समाज की महिला इकाई की सभी सदस्यों ने अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
अंत में प्रो. डॉ. साधना अग्रवाल ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला सामाजिक दायित्व है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास की स्वच्छता की जिम्मेदारी स्वयं उठाए, तो निश्चित रूप से हमारा शहर और देश स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

