पंचकूला पुलिस ने 81 वर्षीय बुजुर्ग से साइबर फ्रॉड मामले में पांचवां आरोपी किया गिरफ्तार 

पंचकूला, 1 अक्टूबर (कपिल)- ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के जरिए कम समय में भारी मुनाफे का लालच देकर 95.21 लाख रुपये की ठगी के मामले में पंचकूला साइबर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम सेक्टर-20 की टीम ने कैथल निवासी विक्रम उर्फ विक्की को काबू किया है। जांच के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से 15 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में पहुंचे थे। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के मुताबिक यह मामला सेक्टर-6 पंचकूला निवासी 81 वर्षीय सेवानिवृत्त बुजुर्ग से संबंधित है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसे व्हाट्सएप के जरिए ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया गया। आरोपियों ने उसे एक फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जोड़कर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवानी शुरू कर दी। शुरुआत में आरोपियों ने उसके खाते में मुनाफे की रकम वापस भेजी, जिससे उसका भरोसा बढ़ गया।
इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर शिकायतकर्ता और उसकी बहू के खातों से कुल 95,21,560 रुपये अलग-अलग खातों में जमा करवा लिए गए। जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उससे और पैसे जमा करवाने की मांग की। इसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला और उसने पुलिस को शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम सेक्टर-20 पंचकूला में 8 अक्टूबर 2025 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से 15 लाख रुपये 6 सितंबर 2025 को आरोपी विक्रम उर्फ विक्की के बैंक खाते में पहुंचे थे।
थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 29 सितंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 30 सितंबर को अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड के दौरान ठगी की रकम के लेन-देन और पूरे साइबर फ्रॉड नेटवर्क में आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।
चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस द्वारा पहले ही हरियाणा के हिसार निवासी गुरदीप सिंह उर्फ दीपु डाबला, हिसार निवासी मनजीत सिंह, सोनीपत निवासी मानशवी ढोचक और दिल्ली निवासी अनूप कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन आरोपियों के खिलाफ चालान अदालत में पेश किया जा चुका है और मामला अदालत में विचाराधीन है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि साइबर फ्रॉड के मामलों में पंचकूला पुलिस का जोर आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ पीड़ितों की ठगी गई रकम वापस करवाने पर भी है। इस मामले में शिकायतकर्ता को अब तक 54 लाख रुपये वापस करवाए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और फ्रॉड की बाकी रकम की बरामदगी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। साइबर अपराधियों के पूरे नेटवर्क का पता लगाकर उनके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

#पंचकूला
# पुलिस