पंचकूला में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

पंचकूला, 18 सितंबर (कपिल)- जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) बबीता गुप्ता के नेतृत्व में डीटीपी पंचकूला की टीम ने शहरी क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव खोखरा व गोरखनाथ में विकसित की जा रही 2 अवैध कॉलोनियों में 7 डीपीसी व 2 चारदीवारियों को जेसीबी की मदद से ढहा दिया। यह कार्रवाई जिला नगर योजनाकार बबीता गुप्ता व ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में की गई। मौके पर सहायक नगर योजनाकार डिंपी राठी, सहायक नगर योजनाकार अशोक कुमार तथा भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
जिला नगर योजनाकार ने स्पष्ट किया कि किसी भी निर्माण या कॉलोनी विकसित करने से पहले हरियाणा के नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के निदेशक से नियमानुसार अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति अवैध निर्माण या अनधिकृत कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि सीएलयू व लाइसेंस की अनुमति के बिना अनधिकृत कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें और अवैध निर्माण से बचें।

#पंचकूला
# अवैध निर्माण