गुरुद्वारा श्री नाडा साहिब में ‘वारिस पंजाब दे’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस
पंचकूला, 17 सितंबर (कपिल)- पंचकूला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नाडा साहिब में अकाली दल ‘वारिस पंजाब दे’ की वरिष्ठ लीडरशिप द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मौजूदा सदस्यों सहित हरियाणा से संबंधित कई अन्य सम्मानित हस्तियों व राजनीतिक नेताओं को पार्टी में शामिल करवाया गया। इस अवसर पर अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह भी मौजूद थे।
अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने कहा कि ‘अकाली दल वारिस पंजाब’ को हरियाणा में बड़ा समर्थन मिल रहा है और आज प्रदेश में संगठन की एक इकाई स्थापित की जा रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सदस्य भी संगठन में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि दुनियाभर के सिख इस संगठन से जुड़ना चाहते हैं और देशभर में इकाइयां बनाने का काम जारी है।
तरसेम सिंह ने कहा कि नशा खत्म करना और युवाओं को नशे से बचाना संगठन का मुख्य एजेंडा है। इस संबंध में पांच सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जो विभिन्न वर्गों के लोगों को शामिल कर एक विजन तैयार करेगी।
गठबंधन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मनप्रीत अयाली का बयान एकतरफा फैसला होगा और यह ‘अकाली दल वारिस पंजाब’ के पक्ष में होगा। उन्होंने बताया कि ‘अकाली दल पुनरुत्थान’ को लेकर बातचीत लगातार जारी है।

