पंचकूला में कुत्तों के काटने का बढ़ा खतरा, प्रदीप चौधरी ने प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग

पंचकूला, 17 सितंबर (कपिल)- कालका से कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने जिले में बढ़ते डॉग बाइट के मामलों पर चिंता जताते हुए सरकार व प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कालका-पिंजौर सहित शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लोग आवारा कुत्तों के हमलों का सामना कर रहे हैं। पिंजौर में बच्चों पर कुत्तों के हमलों के मामले भी सामने आए हैं।
उन्होंने बताया कि जनवरी से मई 2026 तक पंचकूला जिले में कुत्तों के काटने के 7,026 मामले दर्ज हुए, जबकि 2025 में यह आंकड़ा 14,230, 2024 में 10,875 और 2023 में 10,161 रहा। चौधरी ने कहा कि गली-मोहल्लों से लेकर गांवों तक लोगों में डर का माहौल है। प्रशासन को डॉग कैचिंग, नसबंदी और आक्रामक कुत्तों के प्रबंधन की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा तीन एजेंसियों के माध्यम से अभियान चलाने और संवेदनशील स्थानों से कुत्तों को हटाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन यह नाकाफी है। इसका दायरा बढ़ाने की जरूरत है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों के लिए सैर करने से लेकर खेतों तक जाना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ पंचकूला के सेक्टरों में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसलिए लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को पुख्ता प्रबंध करने चाहिए।

#पंचकूला