पंचकूला में अत्याधुनिक रोबोटिक फायरफाइटिंग मशीनों का डेमो
पंचकूला, 11 सितंबर (कपिल)- पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित फायर स्टेशन में शुक्रवार को अत्याधुनिक रोबोटिक फायरफाइटिंग मशीनों का डेमो कराया गया। इस दौरान फायर सेफ्टी और रेस्क्यू ऑपरेशन में तकनीक के इस्तेमाल की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया।
डेमो के दौरान जर्मनी की दो और भारत में निर्मित एक रोबोटिक फायरफाइटिंग मशीन ने अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। मशीनों ने आग से सुरक्षित दूरी पर रहकर तेज पानी की बौछार करने तथा उन खतरनाक स्थानों तक पहुंचने का प्रदर्शन किया, जहां सीधे फायर कर्मचारियों का पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
इन रोबोटिक मशीनों को खास तौर पर उच्च तापमान, आग की तीव्रता और खतरनाक परिस्थितियों में फायरफाइटिंग ऑपरेशन के लिए उपयोगी बताया गया। रिमोट तकनीक के माध्यम से इन्हें नियंत्रित कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा सकता है।
डेमो के दौरान फायर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मशीनों की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा। आधुनिक तकनीक से लैस ये मशीनें भविष्य में फायर ब्रिगेड की सुरक्षा बढ़ाने और जोखिम वाले ऑपरेशनों को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

