पुरुष जूनियर एशिया कप हॉकी: मलयेशिया को हराकर भारत फाइनल में

मोकी (चीन), 11 सितंबर - मोकी (चीन) में खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने मलयेशिया को 3-1 से हराकर लगातार चौथी बार एएचएफ पुरुष जूनियर एशिया कप के फाइनल में प्रवेश किया। गत चैंपियन भारत की जीत के नायक कप्तान और ड्रैग फ्लिकर अनमोल इक्का रहे, जिन्होंने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। अनमोल के नाम अब इस टूर्नामेंट में कुल 16 गोल हो चुके हैं। उनके अलावा सुखविंदर ने भी भारत के लिए एक गोल किया। दूसरी ओर, गोलकीपर विवेक लाकड़ा ने कई महत्वपूर्ण बचाव करते हुए टीम की बढ़त बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
 
भारत ने मुकाबले की आक्रामक शुरुआत की। अजीत यादव पहले दो मिनट में ही दो बार मलयेशिया के सर्कल में पहुंचे। भारत को शुरुआती दौर में तीन पेनल्टी कॉर्नर भी मिले, लेकिन मलयेशिया के गोलकीपर अम्सियार मोहम्मद आदिब ने शानदार बचाव करते हुए भारतीय खिलाड़ियों को गोल करने से रोक दिया।

पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में मलयेशिया ने भी गोल करने का मौका बनाया, लेकिन उसका प्रयास सफल नहीं रहा। इसके बाद 16वें मिनट में भारत को चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला। कप्तान अनमोल ने इस मौके को हाथ से नहीं जाने दिया और शानदार ड्रैग फ्लिक के जरिए गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। मलयेशिया ने जवाबी हमला करते हुए अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन भारतीय डिफेंस और पहले रशर ने उसके प्रयास को नाकाम कर दिया।
 

#मलयेशिया
# भारत