Home Ministry: मलयेशिया से भारत लाए गए बंबीहा गैंग के तीन गैंगस्टर
नई दिल्ली, 24 अगस्त - देविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े तीन कथित प्रमुख आरोपियों को मलयेशिया से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अनुसार, पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से यह कार्रवाई की। मलेशिया से भारत पहुंचने के बाद तीनों को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें पंजाब ले जाकर आगे की जांच शुरू की गई। गृह मंत्री कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित भारत के लक्ष्य के तहत भारतीय एजेंसियों ने साल 2026 में अब तक 51 कुख्यात अपराधियों को विदेशों से वापस भारत लाने में मदद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में फरीदकोट का जसप्रीत सिंह उर्फ जस बेहबल तथा राजस्थान के श्रीगंगानगर के अजय सिंह और पवनदीप सिंह शामिल हैं। पंजाब पुलिस ने तीनों को डेविंदर बंबीहा गैंग के मलयेशिया स्थित कथित ऑपरेटर बताया है। इसके अनुसार, तीनों हत्या, रंगदारी, विस्फोटक और लुधियाना में कथित ग्रेनेड हमले की साजिश से जुड़े मामलों में वांछित थे। अब पुलिस उनकी कथित भूमिका, संपर्कों और विदेश से संचालित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाएगी।

