'भारत दौरे की जल्दबाजी नहीं': तारिक रहमान को लेकर बांग्लादेश का संदेश
नई दिल्ली, 23 अगस्त - बांग्लादेश ने कहा है कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर कोई 'जल्दबाजी' नहीं है और ढाका नई दिल्ली के साथ सकारात्मक संबंध चाहता है, लेकिन इसके लिए वह अपने राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं करेगा। बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने शनिवार को ढाका में यह बात कही। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय बातचीत में पर्याप्त प्रगति होने और जरूरी तैयारियां पूरी होने के बाद ही रहमान की भारत यात्रा होगी। वहीं, शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा दोनों देशों के बीच जारी बातचीत में एक महत्वपूर्ण विषय बना हुआ है। ऐसे में रहमान की संभावित भारत यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों में जमी बर्फ पिघलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
कबीर की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नई दिल्ली दौरे को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को द्विपक्षीय यात्रा के साथ-साथ 12-13 सितंबर को होने वाले आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया है। यह संभावित यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को फिर से पटरी पर लाने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। अगस्त 2024 में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद भारत और बांग्लादेश के संबंधों में काफी गिरावट आई थी।

