राहुल गांधी के धरने पर भड़के नड्डा; कहा- सुप्रीम कोर्ट की जांच के बीच प्रदर्शन क्यों?

नई दिल्ली, 21 अगस्त - केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर राहुल गांधी के धरने को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। नड्डा ने कहा कि पूरा देश एक बार फिर उस तरह की सस्ती और ध्यान खींचने वाली राजनीति देख रहा है, जिसका प्रदर्शन राहुल गांधी ने आज किया। जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें कैमराजीवी बताया। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी का यह धरना न तो छात्रों के लिए है और न ही न्याय की मांग को लेकर। नड्डा के मुताबिक, यह कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और राहुल गांधी की मीडिया में बने रहने की कोशिश का प्रतीक है।
जेपी नड्डा ने कहा कि 20 जुलाई की घटना का सुप्रीम कोर्ट पहले ही संज्ञान ले चुका है और इसकी जांच के लिए पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय हाई-पावर्ड कमेटी गठित की जा चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश की सर्वोच्च अदालत इस मामले की जांच कर रही है, तो पुलिस थाने के बाहर कैमरों के सामने बैठकर राहुल गांधी क्या साबित करना चाहते हैं। नड्डा ने यह भी सवाल किया कि क्या विपक्ष के नेता को देश की न्यायपालिका पर भरोसा नहीं है।

#राहुल गांधी के धरने पर भड़के नड्डा; कहा- सुप्रीम कोर्ट की जांच के बीच प्रदर्शन क्यों?