लंबे समय से फरार आरोपी हरनेक सिंह गिरफ्तार, सीबीआई अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा
पंचकूला, 10 सितंबर (कपिल)- लंबे समय से जांच और मुकदमे से बच रहे आरोपी हरनेक सिंह को आखिरकार सीबीआई भारत वापस लेकर आई है। अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने के बाद 9 सितंबर 2026 को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचते ही सीबीआई अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई के मुताबिक, हरनेक सिंह वर्ष 2013 से इस मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई से बच रहा था। आरोपी के खिलाफ जांच एजेंसी की ओर से इंटरपोल रेड नोटिस और लुक-आउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। लंबे समय तक विदेश में रहने के बाद अमेरिकी अधिकारियों की कार्रवाई के जरिए उसे भारत वापस लाया गया।
यह मामला सीबीआई द्वारा वर्ष 2016 में दर्ज किया गया था। केस में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से जुड़े आरोपों की जांच की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि कथित तौर पर धोखाधड़ी करने वाले लोगों ने सिंगापुर के इमिग्रेशन अधिकारियों के रूप में अपनी पहचान बताकर भारतीय नागरिकों को निशाना बनाया। इसके लिए कथित तौर पर स्पूफ्ड फोन कॉल का इस्तेमाल किया गया और लोगों से धोखाधड़ी के जरिए रकम हासिल की गई।
सीबीआई की जांच के अनुसार, इस कथित साइबर धोखाधड़ी से हासिल रकम का एक हिस्सा हरनेक सिंह के मनी-ट्रांसफर आउटलेट के माध्यम से प्राप्त हुआ था। इसी कड़ी में मामले में उसकी भूमिका की जांच की जा रही थी।
भारत पहुंचने के बाद सीबीआई ने आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया। दिल्ली सीबीआई की ओर से हरनेक सिंह को सीबीआई अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अब इस मामले की अगली सुनवाई 23 सितंबर 2026 को होगी। जानकारी के मुताबिक, अगली तारीख पर आरोपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया जाएगा।

