3.16 करोड़ की साइबर ठगी मामले में 2 और गिरफ्तार

पंचकूला, 10 सितंबर (कपिल)- 3.16 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पंचकूला पुलिस ने हैदराबाद से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुन्नापुरेड्डी प्रवीण प्रसाद राजा निवासी हैदराबाद और वाकानागी रेड्डी निवासी जिला ईस्ट गोदावरी, आंध्र प्रदेश, हाल निवासी हैदराबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार एक निर्माण कंपनी के व्हाट्सऐप और लैपटॉप को निशाना बनाकर साइबर ठगी की गई थी। ठगों ने पहले कंपनी के पुराने कारोबारी संपर्क का फायदा उठाते हुए व्हाट्सऐप पर फर्जी जिप फाइल भेजी। इसके बाद कंपनी के संचालक के नाम से दूसरे मोबाइल नंबर से संदेश भेजकर अकाउंटेंट को विश्वास में लिया गया। कंपनी के बैंक खातों में उपलब्ध राशि की जानकारी लेने के बाद अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। इस तरह कंपनी के खातों से कुल 3 करोड़ 16 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 1 करोड़ 6 लाख रुपये इंटीग्रेटेड वूमेन डेवलपमेंट सोसायटी के बैंक खाते और 80 लाख रुपये पुन्नापुरेड्डी प्रकाशास्त्रुलु प्राइवेट लिमिटेड के खाते में ट्रांसफर किए गए थे। तकनीकी जांच के आधार पर साइबर क्राइम थाना टीम ने प्रभारी युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 29 अगस्त को हैदराबाद से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने साथियों और बैंक खातों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को दी है। इससे पहले पुलिस ने चेन्नई से देवराजन ए.पी., पंडिश्वरी निवासी रामनाथपुरम, तमिलनाडु और सुशील गंजानन निवासी कोल्हापुर, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया था। अब दोनों हैदराबाद निवासी आरोपियों को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। जांच में सामने आए अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।
 

#साइबर ठगी