पंचकूला-मोरनी मार्ग पर भयानक हादसा, कार खाई में गिरी, एक की मौत
पंचकूला, 15 सितंबर (कपिल)- पंचकूला-मोरनी मार्ग पर मंगलवार को एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मोरनी चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू करवाया। घायलों को तुरंत पंचकूला के सेक्टर-6 सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसा किस तरह हुआ और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसकी जांच जारी है। फिलहाल पुलिस ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है, जबकि चार घायलों का सेक्टर-6 अस्पताल में उपचार चल रहा है।

