नमो सेवा पोर्टल के माध्यम से सेवा कार्यों से जुड़ेंगे आम लोग और सामाजिक संगठन

पंचकूला, 14 सितंबर (कपिल)- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में ‘नमो सेवा पोर्टल’ की शुरुआत की। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान यह पोर्टल आम लोगों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा स्वयंसेवकों को सेवा कार्यों से जोड़ने के लिए डिजिटल माध्यम के रूप में काम करेगा।
पोर्टल के माध्यम से इच्छुक नागरिक मोबाइल नंबर से पंजीकरण करवाकर सेवा कार्यों में भाग ले सकेंगे। पोर्टल पर अभियान के 12 कार्यक्रमों सहित 25 सेवा कार्यों की जानकारी उपलब्ध करवाई गई है। नागरिक अपनी उपलब्धता के अनुसार किसी भी सेवा कार्य में हिस्सा ले सकेंगे। पंजीकृत स्वयंसेवकों को सभी कार्यक्रमों संबंधी ताजा जानकारी मिलती रहेगी। वे अपनी पसंद के कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति देने के साथ कार्यक्रम स्थल पर क्यूआर कोड के माध्यम से अपनी उपस्थिति भी दर्ज करवा सकेंगे।
इसके अलावा स्वयंसेवक अपनी प्रोफाइल, सेवा कार्यों में भागीदारी, उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देख सकेंगे। कार्यक्रम पूरा होने के बाद स्वयंसेवकों को भागीदारी प्रमाण पत्र भी दिया जा सकेगा। रेफरल सुविधा के माध्यम से अन्य लोगों को भी सेवा कार्यों से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
भाजपा के आईटी विभाग हरियाणा द्वारा तैयार किया गया यह पोर्टल सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने वाला डिजिटल मंच बनेगा। भाजपा आईटी प्रमुख आदित्य चावला ने बताया कि पोर्टल की वेबसाइट के अलावा जल्द ही यह प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध होगा।

#नमो सेवा पोर्टल
# पंचकूला