बिना मंजूरी नक्शे के किए जा रहे निर्माण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई तेज

पंचकूला, 12 सितंबर (कपिल)- शहर में सुनियोजित, सुरक्षित और व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला नगर निगम ने अवैध निर्माण और बिल्डिंग नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इस अभियान के तहत नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन करने वाली छह इमारतों को सील किया है।
नगर निगम अधिकारियों द्वारा की गई जांच के दौरान सामने आया कि इन संपत्तियों में सक्षम अधिकारी से आवश्यक बिल्डिंग प्लान/नक्शे की मंजूरी लिए बिना निर्माण किया गया था। इसे लागू बिल्डिंग नियमों और नगर निगम कानूनों का उल्लंघन मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई।
नगर निगम आयुक्त विनय कुमार के निर्देशों पर छह इमारतों को सील कर दिया गया। आयुक्त ने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि नगर निगम क्षेत्र में विकास को सुनियोजित, सुरक्षित और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण और प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए हैं, ताकि बिना मंजूरी किए जा रहे निर्माण की समय रहते पहचान कर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना आवश्यक मंजूरी अथवा स्वीकृत बिल्डिंग प्लान का उल्लंघन कर किए गए निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम ने प्रॉपर्टी मालिकों, बिल्डरों और निवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सक्षम अधिकारी से बिल्डिंग प्लान/नक्शे की आवश्यक मंजूरी अवश्य प्राप्त करें।
 

#नगर निगम