लोक अदालत में 25,421 मामलों का निपटारा
पंचकूला, 12 सितंबर (कपिल)- हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण (हालसा) की देखरेख में शनिवार को सेक्टर-1 स्थित जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स पंचकूला और कालका सब-डिविजनल कोर्ट कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए पंचकूला और कालका में कुल 8 बेंच बनाई गई थीं।
हालसा के चेयरमैन जस्टिस हरसिमरन सिंह सेठी ने पंचकूला जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स का दौरा कर लोक अदालत की कार्यवाही का जायजा लिया। इस मौके पर हालसा के सदस्य सचिव जगदीप लोहान और डीएलएसए पंचकूला के चेयरमैन-कम-जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय संधीर भी मौजूद थे। जस्टिस सेठी ने विभिन्न बेंचों का दौरा कर पीठासीन अधिकारियों और पक्षकारों से बातचीत की तथा विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
एसीजेएम कीर्ति वशिष्ठ ने बताया कि लोक अदालत में समझौता योग्य लंबित और मुकदमे से पहले के मामलों सहित अन्य निपटाए जा सकने वाले मामलों की सुनवाई की गई। पक्षकारों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि समय और धन की बचत के साथ लंबी कानूनी प्रक्रिया से भी बचा जा सके।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान कुल 31,185 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें से 25,421 मामलों का निपटारा किया गया। इन मामलों में कुल 93,34,669 रुपये का समझौता हुआ।

