ढकोली से बाइक चोरी कर पंचकूला में घूम रहे थे आरोपी, दोनों न्यायिक हिरासत में भेजे
पंचकूला, 14 सितंबर (कपिल)- क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने चोरी की दो मोटरसाइकिलों समेत दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान सचिन कुमार उर्फ कांटा और मोनू कुमार उर्फ लेफ्टी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार क्राइम ब्रांच-2 की टीम सेक्टर-23 स्थित डंपिंग ग्राउंड के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान दो युवक अलग-अलग मोटरसाइकिलों के साथ खड़े दिखाई दिए। पुलिस की गाड़ी को अपनी ओर आता देखकर दोनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें मोटरसाइकिलों समेत काबू कर लिया। जांच के दौरान दोनों बाइक पर आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी हुई मिलीं।
पूछताछ के दौरान सचिन ने बताया कि उसने करीब एक महीने पहले ढकोली फाटक के पास गुरुद्वारे के पीछे बने पार्क के पास से काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी की थी। दूसरे आरोपी मोनू ने बताया कि उसने करीब 20 दिन पहले ढकोली स्थित ताज होटल के पास पुल के नीचे से काले रंग की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी की थी। दोनों ने माना कि चोरी करने के बाद उन्होंने मोटरसाइकिलों की दोनों नंबर प्लेटें तोड़ दी थीं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी मोनू के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी का मामला दर्ज है, जबकि सचिन के खिलाफ चोरी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। चंडीमंदिर थाना पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

