किशाऊ प्रोजेक्ट पर MoA साइन, CM नायब सैनी बोले- हरियाणा के लिए ऐतिहासिक दिन

दिल्ली, 15 सितंबर -  चंडीगढ़, 15 सितंबर- किशाऊ परियोजना के लिए समझौते के ज्ञापन (MoA) पर हस्ताक्षर होने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जल संरक्षण और जल संग्रहण की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में आज किशाऊ मल्टीपर्पस परियोजना को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे हरियाणा को बड़ा लाभ मिलेगा।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह की पहल और सक्रिय प्रयासों के कारण कई वर्षों से लंबित इस विषय पर राज्यों के बीच सहमति बनाने का रास्ता साफ हुआ है। उन्होंने कहा कि किशाऊ परियोजना अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है और हरियाणा के लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, रेणुका, किशाऊ और लखवार बांध—इन तीनों परियोजनाओं के पानी में हरियाणा को 48 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में जल उपलब्धता को बढ़ावा मिलेगा और आने वाले समय में इसका बड़ा लाभ हरियाणा को मिलने की उम्मीद है।

#किशाऊ प्रोजेक्ट
# MoA
# CM नायब सैनी
# हरियाणा