दिल्ली में सनसनी: सिविल लाइंस की महिला से 'गोल्डी बराड़' के नाम पर 200 करोड़ की रंगदारी, दी जान से मारने की धमकी

नई दिल्ली, 15 सितंबर - राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके सिविल लाइंस से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाली लगभग 50 वर्षीय एक महिला को कथित तौर पर खूंखार गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल कर 200 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड रंगदारी मांगी गई है। पैसे न देने पर महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, पीड़ित महिला सिविल लाइंस क्षेत्र में रहती है और उस इलाके में उसकी कीमती पुश्तैनी संपत्ति है।

रात को आई विदेशी नंबर से कॉल

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार 7 सितंबर को रात करीब 10:44 बजे महिला के फोन पर एक अंतरराष्ट्रीय/विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताते हुए दावा किया कि उसके पास महिला, उसके परिवार और संपत्ति से जुड़ी पूरी जानकारी है। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित दंपत्ति को जान से मारने की धमकी देते हुए 200 करोड़ रुपये की मांग कर डाली।

दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR

मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद 10 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(4) (आपराधिक धमकी), 308(4) (रंगदारी) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत केस दर्ज कर लिया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार मामले की हर पहलू से तकनीकी और क्राइम एंगल पर गहन जांच की जा रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि यह धमकी वास्तव में गोल्डी बराड़ गिरोह द्वारा दी गई है या फिर किसी ने निजी दुश्मनी या संपत्ति विवाद के चलते गैंगस्टर के नाम का इस्तेमाल किया है।

#Delhi Civil Lines
# Extortion Case
# Goldy Brar Gang
# Threats