मराठा आरक्षण पर सरकार की भूमिका स्पष्ट, किसी अन्य समाज के हक में कटौती नहीं होगी: एकनाथ शिंदे
मुंबई (महाराष्ट्र), 15 सितंबर- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मराठा आरक्षण को लेकर सरकार की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि सरकार मराठा समाज को न्याय देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी अन्य समाज के अधिकारों के साथ अन्याय किए बिना मराठा समाज को उसका हक दिलाया जा रहा है।
एकनाथ शिंदे ने कहा, "मराठा आरक्षण को लेकर सरकार की भूमिका स्पष्ट है। जब देवेंद्र जी मुख्यमंत्री थे, तब से आरक्षण देने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। उसके बाद सरकार बदल जाने से यह आरक्षण रद्द हो गया। इसके बाद जब मैं मुख्यमंत्री बना तो फिर से आरक्षण देने की प्रक्रिया शुरू की गई। आज मराठा समाज इसका लाभ ले रहा है।"
उन्होंने कहा कि सरकार की भूमिका पूरी तरह मराठा समाज को न्याय देने की है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि OBC या किसी अन्य समाज के अधिकारों में कटौती करके मराठा समाज को आरक्षण देने की सरकार की कोई भूमिका नहीं है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, "किसी अन्य समाज के ऊपर अन्याय नहीं करते हुए, OBC हो या कोई अन्य समाज हो, किसी का लेकर किसी को देने की भूमिका नहीं है। जिसका हक है, उसको दिया जा रहा है।"
उन्होंने मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों से भी सरकार की भूमिका को समझने की अपील की।

