पंचकूला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
पंचकूला, 15 सितंबर (कपिल)- पंचकूला बार एसोसिएशन की नवनियुक्त कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर पंचकूला की विभिन्न एसोसिएशनों के न्यायाधीशों के अलावा बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
बार एसोसिएशन के नवनियुक्त अध्यक्ष गौरव शर्मा ने अपने पद एवं जिम्मेदारियों की शपथ ली। उनके साथ उपाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी शपथ ली। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राकेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सांसद कार्तिकेय शर्मा ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और समाज में वकीलों की अहम भूमिका है। कार्तिकेय शर्मा ने 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़े का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने लोगों से सेवा और जनकल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर सांसद कार्तिकेय शर्मा ने बार एसोसिएशन की लाइब्रेरी के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।



