टीएमसी के नाम और चुनाव चिह्न पर घमासान: चुनाव आयोग से मिले ऋतब्रत बनर्जी
नई दिल्ली, 17 सितंबर - तृणमूल कांग्रेस यानी टीएमसी के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर पार्टी के दो गुटों के बीच चल रहा विवाद अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाला गुट आज चुनाव आयोग के सामने अपना पक्ष रखने पहुंचा। आयोग ने दोनों गुटों को अलग-अलग समय पर सुनवाई के लिए बुलाया है। ऋतब्रत गुट चुनाव आयोग से मिल चुका है। मिलने के बाद ऋतब्रत बोले कि हम आज चुनाव आयोग से मिले।
हमने अपनी दलीलें रखीं और रेजिनगर और नंदीग्राम में उपचुनावों के बारे में उठाए गए सवालों का जवाब दिया। कल इन उपचुनावों के लिए नॉमिनेशन फाइल करने की डेडलाइन थी, और आज स्क्रूटनी हुई, इसलिए सिंबल अलॉटमेंट का मामला अभी अटका है। हमने फॉर्म ए और बी जमा कर दिए हैं। हालांकि, फॉर्म ए और बी कालीघाट से भी जमा किए गए हैं, इसलिए चुनाव आयोग को आखिरी फैसला लेना चाहिए।

