108 फुट व्यास वाली विशाल रंगोली का विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने किया उद्घाटन
पंचकूला, 18 सितंबर (कपिल)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 108 फुट व्यास वाली विशाल रंगोली का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बुनियादी ढांचे, सड़कों, रेलवे, बिजली, डिजिटल सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा व गरीब कल्याण सहित कई क्षेत्रों में विकास किया है। गरीब व जरूरतमंद परिवारों को मकान, शौचालय, बैंक खाते, रसोई गैस, स्वास्थ्य सुविधाएं व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।
मंत्री ने कहा कि रंगोली केवल रंगों से बनाई गई आकृति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा, कल्पनाशक्ति व रचनात्मकता का प्रतीक है। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना व रचनात्मक सोच विकसित होती है। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि ज्ञान के साथ संस्कारों से परिपूर्ण जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण व समाज सेवा में योगदान देने का आह्वान किया।
हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की साख बढ़ाने की बात कहते हुए उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने शिक्षा विभाग व विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंगोली की सराहना की। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के दौरान देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस विशाल रंगोली को तैयार करने में सार्थक स्कूल सेक्टर-12ए के पीजीटी फाइन आर्ट्स लेक्चरर भीम सिंह, संगीत शिक्षक व विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर उपायुक्त सतपाल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्या, एसडीएम मन्नत राणा, डीईईओ सुमन, डिप्टी डीईओ रमेश बत्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व विद्यार्थी मौजूद रहे।





.jpg)