पंजाब भाजपा की दो दिवसीय बैठक शुरू, 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर होगा मंथन
पंचकूला, 1 अक्टूबर (कपिल)- पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित रेड बिशप में पंजाब भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक शुरू हो गई है। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष कर रहे हैं। पंजाब में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह बैठक संगठन के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक में पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और संगठन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला सह-प्रभारी, जिला स्तर के पदाधिकारी, पूर्व विधायक और अन्य प्रमुख नेता भी बैठक में शामिल हो रहे हैं। बैठक में पंजाब भाजपा के सभी महासचिव, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, राष्ट्रीय महासचिव बी.एल. संतोष, सह-प्रभारी दविंदर सचदेवा, सह-प्रभारी अलका गुर्जर और कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी तथा पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जय इंदर विशेष रूप से शामिल रहीं।
बैठक में मुख्य रूप से पंजाब में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने, जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जा रही है। पार्टी की ओर से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया गया।
बताया जा रहा है कि दो दिन चलने वाली इस बैठक के दौरान पंजाब के विभिन्न जिलों में पार्टी संगठन की स्थिति, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और लोगों के बीच पार्टी की पहुंच को लेकर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को पंजाब के लोगों तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका पर भी मंथन किया जाएगा।
पहले दिन की बैठक के दौरान जिला स्तर के पदाधिकारियों से जमीनी फीडबैक लिया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व यह जानने का प्रयास कर रहा है कि विभिन्न क्षेत्रों में संगठन की स्थिति क्या है और किन इलाकों में संगठनात्मक स्तर पर और काम करने की जरूरत है।
वहीं, बैठक के दूसरे दिन पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रभारी सतीश पूनिया के भी शामिल होने की जानकारी है। सतीश पूनिया इससे पहले हरियाणा भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और अब पंजाब में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी उनके सामने है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा की ओर से पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर लगातार संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाई जा रही हैं। पार्टी नेतृत्व की ओर से सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक पार्टी के नेटवर्क को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
पंचकूला में चल रही यह दो दिवसीय बैठक भी इन्हीं तैयारियों की एक कड़ी के रूप में देखी जा रही है। बैठक में वरिष्ठ नेता जिला पदाधिकारियों के साथ सीधे संवाद करते हुए संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी रणनीति और चुनावी तैयारियों पर चर्चा कर रहे हैं।
अब सभी की नजरें बैठक के दूसरे दिन होने वाले मंथन पर हैं, जिसमें पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रभारी सतीश पूनिया भी शामिल होंगे। दूसरे दिन संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को लेकर आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है।
नशा मुक्त पंजाब यात्रा को सफल बताया
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा की ओर से निकाली गई ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ सफल रही है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से माताओं और बहनों का यात्रा को भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि पंजाब से नशे के कोढ़ को खत्म करने के लिए निकाली गई यह यात्रा एक जन-आंदोलन थी और इसे काफी सफलता मिली है। बैठक में यात्रा की सफलता को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
उन्होंने यात्रा में शामिल हुए विचारकों और सहयोग देने वाले लोगों का दिल की गहराइयों से धन्यवाद किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई केवल कुर्सी की है कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में ऐसी कोई बात नहीं है और पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी के अनुसार बेहतर काम कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार पंजाब से नशा खत्म करने में सफल नहीं हो सकी, जबकि केजरीवाल ने नशे को खत्म करने का वादा किया था। ढिल्लों ने कहा कि अमित शाह के नेतृत्व में केवल भारतीय जनता पार्टी ही 31 मार्च 2029 तक पंजाब को नशामुक्त करेगी।





