महाराष्ट्र: पिकनिक मनाने गए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत
मुंबई, 1 अक्टूबर - महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में गुरुवार को समुद्र में डूबने से आठ छात्रों की मौत हो गई। सभी छात्र पिकनिक मनाने के लिए दिवेआगर बीच पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद तलाशी और बचाव अभियान चलाया गया। सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि हादसे का शिकार हुए छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ते थे। वे पुणे जिले के आलंदी स्थित निजी कोचिंग संस्थान ‘विनर्स अकादमी’ के समूह के साथ पिकनिक मनाने आए थे। दिवेआगर बीच मुंबई से करीब 170 किलोमीटर दूर है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, कुल 48 लोगों का समूह समुद्र तट पर आया था। इसमें 25 लड़के, 17 लड़कियां और छह शिक्षक शामिल थे। यह इलाका दिघी तटीय पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है।

