महाराष्ट्र में फिर कांपी धरती: 3 घंटे के भीतर महसूस हुए भूकंप के झटके

महाराष्ट्र, 3 अक्टूबर - महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में आज सुबह एक बार फिर भूकंप के झटकों से अफरा-तफरी मच गई। हिंगोली जिले के हिंगोली शहर और वसमत इलाके में सुबह के समय करीब तीन घंटे के भीतर झटके महसूस किए गए। भूकंप का असर पड़ोसी जिले नांदेड़ में भी देखने को मिला जहां तेज कंपन के बाद लोग डर के मारे अपने-अपने घरों से निकलकर खुले स्थानों में चले गए।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार शनिवार सुबह हिंगोली और आसपास के इलाकों में भूकंप का सिलसिला शुरू हुआ:

पहला झटका: सुबह 7:47 बजे महसूस किया गया जिसकी रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 3.3 मापी गई। इस दौरान घरों में रखे सामान, बर्तन और फर्नीचर में तेज कंपन देखा गया।

दूसरा झटका: इसके बाद सुबह 10:00 बजे एक बार फिर हल्का झटका महसूस किया गया। कुल मिलाकर तीन घंटे के भीतर तीन से चार बार हल्की-तेज भूगर्भीय हलचल दर्ज की गई।

नांदेड़ में भी महसूस हुआ असर, जनहानि नहीं

हिंगोली में आए इस भूकंप का असर नांदेड़ शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों तक पहुंचा। जमीन हिलने का अहसास होते ही लोग सुरक्षा के लिहाज से तुरंत खुले मैदानों की तरफ भागे। राहत की बात यह है कि शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक नांदेड़ या हिंगोली में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, हालांकि लगातार हो रहे कंपनों से स्थानीय लोगों में काफी दहशत है।

48 घंटे पहले भी गुंजी थी रहस्यमयी आवाज

हिंगोली और वसमत तहसील के इलाकों में बीते कुछ दिनों से लगातार भूगर्भीय गतिविधियां देखी जा रही हैं। इससे पहले गुरुवार 1 अक्टूबर की रात करीब 9:41 बजे भी वसमत के पांगरा शिंदे इलाके में जमीन हिलने और जोर का धमाका सुनाई देने की बात सामने आई थी। हालांकि, उस घटना का तकनीकी रिकॉर्ड सिस्मोग्राफ पर दर्ज नहीं हो सका था। इसके ठीक 48 घंटे बाद शनिवार सुबह 3.3 तीव्रता का आधिकारिक भूकंप दर्ज किया गया।
 

#Hingoli Earthquake
# Maharashtra
# 3.3 Intensity