ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में नर्सिंग अधिकारियों की हड़ताल

पंचकूला, 5 अक्टूबर (कपिल)- हरियाणा सरकार की नई ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में नर्सिंग अधिकारियों ने संघर्ष का ऐलान कर दिया है। नर्सिंग अधिकारियों द्वारा लगातार तीन दिनों तक रोजाना दो घंटे की हड़ताल कर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। नर्सिंग एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष वनीता बांगर ने कहा कि नई ट्रांसफर पॉलिसी लागू करने से पहले नर्सिंग कैडर की राय नहीं ली गई।

पॉलिसी के अनुसार एक ही स्टेशन पर पांच साल से तैनात नर्सिंग अधिकारियों को दूसरे स्टेशन पर स्थानांतरित किया जाएगा, जिसे लेकर नर्सिंग अधिकारियों में रोष है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन द्वारा सरकार को बातचीत के माध्यम से मामला सुलझाने का मौका दिया जा रहा है। यदि तीन दिनों के भीतर सरकार की ओर से बातचीत शुरू नहीं की गई तो नर्सिंग अधिकारियों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का फैसला लिया जाएगा। नर्सिंग अधिकारियों ने सरकार से पॉलिसी पर पुनर्विचार कर उनकी मांगों पर गौर करने की मांग की है।

#नर्सिंग अधिकारियों