नशे के खिलाफ जागरूकता के संदेश के साथ शानदार समापन, विजेता को 21 लाख और उपविजेता हिसार को 11 लाख रुपये

पंचकूला, 5 अक्टूबर (कपिल)- ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम में चल रही नमो क्रिकेट लीग का शानदार समापन हुआ। गुरुग्राम की टीम ने हिसार को हराकर खिताब अपने नाम किया। ग्रैंड फिनाले में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी द्वारा आयोजित इस क्रिकेट लीग के दौरान खेलों के साथ-साथ नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

समापन समारोह में केंद्रीय बिजली एवं आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। तरुण भंडारी ने उनका स्वागत किया। फाइनल मुकाबला गुरुग्राम और हिसार की टीमों के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुरुग्राम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 105 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिसार की टीम ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन गुरुग्राम ने मुकाबला अपने पक्ष में करते हुए खिताब पर कब्जा कर लिया।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने विजेता गुरुग्राम की टीम को 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। उपविजेता हिसार की टीम को 11 लाख रुपये, तीसरे स्थान पर रही जालंधर की टीम को 5 लाख रुपये और चौथे स्थान पर रही कुरुक्षेत्र की टीम को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर मशहूर गायक बी. प्राक ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी और अपने गीतों पर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। समापन समारोह के दौरान क्रिकेट के रोमांच के साथ युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक मनमोहन भड़ाना, मेयर श्याम लाल बंसल, मुख्यमंत्री के ओएसडी बी.बी. भारती और भोपाल खदरी, भजन गायक कन्हैया मित्तल, द ग्रेट खली, कुणाल कुमार, एमप्रो मिसेज औलख, नरेश मित्तल सांवरिया, पवन सोलंकी, नमो क्रिकेट लीग के मीडिया कोऑर्डिनेटर संजीव सूद, रामनिवास गर्ग, रणजीता मेहता, मुकेश सिंगला, ऋषिपाल, राकेश जागोता, अनुराधा पुरी, राकेश गर्ग बिट्टू और दीपक गर्ग सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

#पंचकूला